बिलासपुर के शोभनाथ यादव ने राष्ट्रीय मास्टर्स एथलेटिक्स में दिलाया गोल्ड, अंतरराष्ट्रीय मंच के लिए चयनित
बिलासपुर, छत्तीसगढ़।
कहते हैं अगर हौसले बुलंद हों तो अंधेरे में भी चिराग जलते हैं। ऐसा ही कुछ कर दिखाया है बिलासपुर के शोभनाथ यादव ने, जिन्होंने अपने जुनून और फौलादी हौसले के दम पर न सिर्फ गोल्ड मेडल हासिल किया, बल्कि छत्तीसगढ़ और पुलिस विभाग का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रौशन किया है।
दिल्ली में 11 से 13 अप्रैल 2025 तक आयोजित चौथे राष्ट्रीय मास्टर्स एथलेटिक्स प्रतियोगिता में शोभनाथ यादव ने हैमर थ्रो (हथौड़ा फेंक) में गोल्ड मेडल तथा डिस्कस थ्रो (तवा फेंक) में सिल्वर मेडल जीतकर नया कीर्तिमान स्थापित किया है। शोभनाथ वर्तमान में बिलासपुर के सिविल लाइन थाना में सहायक उपनिरीक्षक (ASI) के पद पर पदस्थ हैं।
उनकी इस उत्कृष्ट उपलब्धि के आधार पर उन्हें अब कोलंबो, श्रीलंका में आयोजित होने वाली अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिला है। यह न सिर्फ उनके लिए बल्कि पूरे राज्य और देश के लिए गर्व की बात है।
शोभनाथ यादव की यह सफलता अचानक नहीं आई। इससे पहले भी वे कई राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीत चुके हैं। उनके समर्पण, कड़ी मेहनत और खेल के प्रति लगन ने उन्हें इस मुकाम तक पहुँचाया है। उनकी सफलता उन सभी युवाओं और खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा है जो संसाधनों की कमी के बावजूद अपने सपनों को साकार करने का हौसला रखते हैं।
बिलासपुर के पुलिस विभाग में भी इस उपलब्धि की खुशी देखने लायक है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह समेत विभाग के सभी अधिकारियों व कर्मचारियों ने उन्हें हार्दिक बधाई दी और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।
वहीं, स्थानीय खेल संघों, सामाजिक संगठनों और खेलप्रेमियों ने भी शोभनाथ को इस शानदार उपलब्धि पर शुभकामनाएं दी हैं। उनके प्रदर्शन ने यह साबित कर दिया है कि कड़ी मेहनत और आत्मविश्वास से कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं है।
शोभनाथ यादव की इस जीत ने छत्तीसगढ़ को गौरवान्वित किया है और अब सभी की निगाहें श्रीलंका में होने वाली अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता पर टिकी हैं, जहां वे एक बार फिर देश का परचम लहराने के लिए तैयार हैं।
Sanjeev singh Address bhartiya nagar bilaspur 7000103836